बालोद के भर्रीटोला में नया धान खरीदी केंद्र खुलने से 800 किसानों को मिली राहत
6 गांवों के किसानों को अब घर के पास मिल रही सुविधा, समय और परिवहन खर्च की हो रही बचत
रायपुर। बालोद जिले के डौंडी विकासखंड के ग्राम भर्रीटोला-43 में नया धान खरीदी केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। इस केंद्र के शुरू होने से आसपास के 6 गांवों के 800 से अधिक किसानों को अब अपने गांव के नजदीक ही समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा मिल रही है। इससे किसानों का समय बचने के साथ ही परिवहन खर्च भी कम हो रहा है।
ग्राम भर्रीटोला के किसान शंकरलाल धनेंद्र ने बताया कि पहले धान बेचने के लिए उन्हें 6 से 7 किलोमीटर दूर कुसुमकसा जाना पड़ता था। इससे परिवहन पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता था और कई बार समय पर वाहन भी नहीं मिल पाते थे। पुराने खरीदी केंद्र में किसानों की संख्या अधिक होने के कारण लंबा इंतजार भी करना पड़ता था। अब गांव में ही खरीदी केंद्र खुलने से इन परेशानियों से राहत मिली है।
एक अन्य किसान महेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि उनका खेत खरीदी केंद्र के आसपास ही है। ऐसे में अब वे आसानी से अपनी उपज केंद्र तक पहुंचाकर बेच पा रहे हैं। नजदीक में खरीदी केंद्र की सुविधा मिलने से समय की बचत हो रही है और खेती-किसानी के दूसरे कामों के लिए भी पर्याप्त समय मिल रहा है।
किसानों ने गांव में नया धान खरीदी केंद्र शुरू होने पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इस सुविधा से क्षेत्र के 6 गांवों के किसानों को धान बेचने में आसानी हो रही है और उनकी पुरानी समस्याएं भी दूर हुई हैं।