बस्तर में बिहान की पहल से किसानों को फायदा, गांव में ही 3850 क्विंटल मक्के की खरीदी
रायपुर, बस्तर जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने लगा है। अब किसानों को मक्का बेचने के लिए मंडियों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है, बल्कि गांव में ही मंडी से अधिक कीमत पर खरीदी की जा रही है। बकावंड और दरभा विकासखंड में किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के माध्यम से अब तक 3850 क्विंटल मक्के की सीधी खरीदी की गई है।
बिहान के तहत गठित 10 एफपीओ में शामिल लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, बकावंड और मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी, दरभा ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से मक्का खरीदा। इसके बाद इस उपज का विक्रय स्थानीय व्यापारी सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को किया गया। इस व्यवस्था से किसानों को पारदर्शी तरीके से बेहतर बाजार मूल्य मिल रहा है।
इस पहल से किसानों को परिवहन खर्च, मंडियों में लंबा इंतजार और अन्य औपचारिकताओं से राहत मिली है। बिचौलियों की भूमिका कम होने से किसानों को सीधे अपने गांव में ही उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। इससे उनकी आमदनी बढ़ने के साथ समय और संसाधनों की भी बचत हो रही है।
अब एफपीओ किसानों को खेती के लिए खाद, बीज और कीटनाशक जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए एनआरएलएम के माध्यम से इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने के बाद किसान उत्पादक कंपनियों के जरिए किसानों को उचित दर पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।
एफपीसी के पदाधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें खेती से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इस पूरी प्रक्रिया में बिहान के विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, उत्पादक समूहों के सदस्यों और स्थानीय किसानों की सक्रिय भागीदारी रही।