गेंदा फूल की खेती से विद्याधर पटेल कमा रहे लाखों रुपये, 15 से 20 लोगों को दे रहे रोजगार
रायपुर, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने गेंदा फूल की खेती को अपनी अच्छी आमदनी का जरिया बना लिया है। वर्ष 2007-08 से फूलों की खेती कर रहे विद्याधर आज 7 से 8 एकड़ में गेंदा का उत्पादन कर रहे हैं। उनके खेतों में तैयार फूलों की आपूर्ति छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ओडिशा के कई शहरों में भी हो रही है। सीजन के दौरान प्रतिदिन 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूल बाजार तक पहुंचाए जाते हैं।
विद्याधर पटेल पहले सब्जियों की खेती करते थे। वर्ष 1994-95 से इस क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वे रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में भी हिस्सा लेते थे। इसी दौरान उन्होंने गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखी, जिसके बाद वर्ष 2007-08 में इसकी व्यावसायिक खेती शुरू की। शुरुआती दिनों में पौधे तैयार करने में बीज अंकुरण और समय पर उत्पादन जैसी समस्याएं आती थीं। इसके समाधान के लिए उन्होंने पॉलीबैग तकनीक अपनाई, जिससे पौधों की तैयारी बेहतर हुई और फूलों की बिक्री में होने वाले नुकसान की आशंका कम हो गई।
विद्याधर के अनुसार, गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि लागत करीब 1 से 1.5 लाख रुपये आती है। दशहरा और दीपावली के दौरान फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। सिंचाई के लिए उन्होंने अपने खेतों में दो निजी बोरवेल, पाइपलाइन के साथ ड्रिप और स्प्रिंकलर की व्यवस्था की है, जिससे उत्पादन और खेती के प्रबंधन में सुविधा होती है।
उनके खेतों में तैयार गेंदा फूल की मांग छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ जैसे क्षेत्रों में भी है। वहीं छत्तीसगढ़ के सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर तक फूलों की आपूर्ति की जाती है। सीजन के दौरान फूलों की मांग पूरी करने के लिए अपने वाहनों के साथ किराये के वाहनों की भी मदद ली जाती है।
इस खेती में विद्याधर की पत्नी और तीनों बेटियां भी सहयोग करती हैं। इसके अलावा गांव के 15 से 20 ग्रामीणों को नियमित रोजगार मिल रहा है। गेंदा फूल की खेती के साथ वे 4 से 5 एकड़ में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी मौसमी सब्जियां भी उगाते हैं। फूलों का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती पर ध्यान देते हैं। इस तरह उन्होंने फूलों और सब्जियों के उत्पादन को जोड़कर खेती को आमदनी और ग्रामीण रोजगार का बेहतर माध्यम बनाया है।