धान खरीदी की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, कलेक्टरों को दिए निर्देश
रायपुर, छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। मंत्रालय महानदी भवन से आयोजित बैठक में उन्होंने खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न धान संग्रहण केंद्रों में उपलब्ध भंडारण क्षमता, जरूरी संसाधनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि सभी धान उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, सुचारू तौल व्यवस्था और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अवैध धान के परिवहन पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी निगरानी और जरूरी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए खरीदी प्रक्रिया से जुड़े सभी इंतजाम बेहतर होने चाहिए और किसानों को उपार्जन केंद्रों में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी जिला कलेक्टरों को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।