दुर्ग में 7 हजार महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव हुए शामिल
दुर्ग शहर में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में सात हजार से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। शीतला सेवा समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव भी शामिल हुए।
पारंपरिक पीली साड़ियों में सजी महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा निकाली। वहीं युवाओं के हाथों में ध्वज और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भजन-कीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कलश यात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ दुर्ग की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली।
आयोजकों के अनुसार, दुर्ग के बैगापारा मिनी स्टेडियम में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 5 दिसंबर तक किया जाएगा।