नवा रायपुर में 100 एकड़ में बनेगी आधुनिक मेडिसिटी, पांच संभागों में खुलेंगे सुपर स्पेशलिटी अस्पताल
कोडेकॉन-2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक को बेहतर और सुलभ उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
मुख्यमंत्री रविवार को रायपुर के एक होटल में आयोजित छत्तीसगढ़ मोटापा, मधुमेह एवं अंतःस्रावी सोसायटी के चौथे वार्षिक सम्मेलन ‘कोडेकॉन-2026’ में शामिल हुए। उन्होंने मोटापा और मधुमेह को बढ़ती स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए कहा कि बदलती जीवनशैली और खान-पान की आदतों के कारण ये बीमारियां ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रही हैं। इनके नियंत्रण के लिए उपचार के साथ जनजागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब शासकीय और निजी क्षेत्र को मिलाकर मेडिकल कॉलेजों की संख्या 21 हो गई है। नवा रायपुर में लगभग 100 एकड़ भूमि पर आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी पांच संभागीय मुख्यालयों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे।
गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है। वहीं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से पात्र मरीजों को 25 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत अब तक करीब 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है और 40 हजार से अधिक मरीजों का उपचार किया गया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सम्मेलन में चिकित्सा क्षेत्र की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया और विशेषज्ञों ने मोटापा, मधुमेह एवं अंतःस्रावी रोगों की रोकथाम और उपचार पर विचार साझा किए।